जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे युवक को मौत ने घेरा, दो दोस्त गंभीर घायल

जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे युवक को मौत ने घेरा, दो दोस्त गंभीर घायल

ग्वालियर। बर्थ-डे पर दोस्तों के साथ पार्टी करने गए युवक को वापसी में मौत ने घेर लिया। हादसा बिलौआ थाना जौरासी घाटी पर हुआ। जब तीन दोस्त बाइक पर सवार होकर ग्वालियर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर शव को डेड हाउस में रखवा दिया। मुरार के नदी पार टाल पर रहने वाले पुष्पेन्द्र पुत्र विजेन्द्र निगम (22) लाइट का काम करता है। रविवार को पुष्पेन्द्र का जन्मदिन था। इसके लिए उसने अपने दोस्तों के साथ बिलौआ में बर्थ-डे पार्टी मनाने का प्लान बनाया था।

इसके लिए पुष्पेन्द्र सुबह ही अपने दोस्त नरेश जाटव और रामेश्वर इंदौरिया के साथ बाइक से अपने अन्य दोस्तों के पास बिलौआ गया था। यह लोग शाम होने पर बिलौआ से वापस लौटे थे तभी साढ़े चार बजे करीब जौरासी घाटी के पास अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पुष्पेन्द्र सहित तीनों दोस्त कुछ दूरी तक घसीटते हुए झाड़ियों में जा गिरे। तभी घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फौरन पुष्पेन्द्र की नब्ज टटोली तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। पुलिस ने तुरंत अन्य दो घायलों को अस्पताल रैफर कराया। जहां दोनों की डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उनका उपचार शुरू कर दिया है।

बीच सड़क पर पलटी आयशर, एक की मौत

पुरानी छावनी इलाके में देर रात सड़क हादसे में गौरव रजक नामक युवक की मौत हो गई। घटना पुरानी छावनी कस्बे के पास की है, जहां पन्नी के बंडल भरी आयशर में सवार लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि मृतक पैदल जा रहा था, तभी गाड़ी आई और पलट गई, युवक उसके नीचे दबा रह गया जिससे उसकी मौत हो गई।

घर में सबसे बड़ा था मृतक

पुष्पेन्द्र तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जो कि बिजली फिटिंग का बेहतरीन कारीगर होना बताया गया है। घर में सभी उसके जन्मदिन पर केक काटने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन तभी मौत की खबर से खुशियां मातम में बदल गईं।

कई दिनों से कर रहा था प्लानिंग

मृतक के चाचा राकेश निगम ने बताया कि पुष्पेन्द्र जन्मदिन के लिए कई दिनों से प्लानिंग कर रहा था, इसके लिए उसने पहले ही घर पर बर्थ डे पार्टी की बात सब को बता रखी थी।

सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है वहीं उसके दो साथी घायल है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभय प्रताप सिंह, टीआई बिलौआ