आस्था का उमड़ा जनसैलाब, हजारों मातृशक्तियों ने उठाए श्रद्धा के कलश

आस्था का उमड़ा जनसैलाब, हजारों मातृशक्तियों ने उठाए श्रद्धा के कलश

इंदौर। दिव्य और अलौकिक स्वरूप में बने 350 वर्ष प्राचीन खातीपुरा श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। तीन हजार से ज्यादा मातृशक्तियां सिर पर कलश लेकर निकलीं। जय श्रीराम के जयकारों से पूरा यात्रा मार्ग गुंजायमान हुआ। आस्था का महासंगम जहां से भी गुजरा, हर कोई इसमें रम गया। यात्रा में मिनी कुंभ जैसा नजारा दिखाई दिया। यज्ञ सम्राट मंगल पीठाधीश्वर स्वामी श्री माधवाचार्य महाराज, श्रीमद् जगद्गुरु द्वाराचार्य मलूकपीठाधीश्वर श्री राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज सहित देशभर से आए सैकड़ों साधु-संत सम्मिलित हुए। अभय प्रशाल में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा की शुरुआत हुई। हजारों भक्तों का जनसैलाब उमड़ा। पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्री रामगोपालदास महाराज ने बताया कि खातीपुरा श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत शनिवार को कलश यात्रा के साथ हुई।

गणेश मंडल जेल रोड मंदिर पर वेद मंत्रों के बीच पूजन-अर्चन के साथ यात्रा शुरू हुइ। यात्रा में हजारों मातृशक्तियों ने श्रद्धा के कलश उठाए। भजन गायक गन्नू महाराज के राम नाम के भजनों पर मातृशक्तियां नाचते-गाते चल रही थीं। मुख्य यजमान अशोक बिदासरिया भागवत पुराण लेकर आगे आगे चल रहे थे। ढोल- ताशे, बैंड-बाजे, शंखनाद व जयघोष करते युवाओं का दल देखते ही बन रहा था। आदिवासियों का दल नृत्य करते हुए चल रहा था। गोमती देवी व्यायामशाला के उस्ताद अपनी कलाबाजी का प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे। खातीपुरा श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति की झांकी भी चल रही थी। कलश यात्रा का जगह-जगह विभिन्न मंचों से गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर स्वागत किया गया।