निगम का संपत्तिकर टारगेट 242 करोड़, 11 महीने में मिले 70.34 करोड़

निगम का संपत्तिकर टारगेट 242 करोड़, 11 महीने में मिले 70.34 करोड़

ग्वालियर। निगमायुक्त किशोर कान्याल द्वारा निर्धारित संपत्तिकर वसूली टारगेट 242 करोड़ रुपए वसूल कर पाना असंभव लग रहा है। क्योंकि 11 महीने की मेहनत के बाद अभी तक मात्र 70.34 करोड़ रुपए की वसूली हो पाई है। वहीं टारगेट तक पहुंचने के लिए अब 6.86 करोड़ रुपए प्रतिदिन वसूली का लक्ष्य आ रहा है, लेकिन हकीकत में निगम वसूली अमला बमुश्किल 70 लाख रुपए की ही वसूली कर पा रहा है।

निगम ने बीते वित्तीय वर्ष 2021-22 के अंत में पहली बार 81.26 करोड़ रिकार्ड संपत्तिकर की वसूली कर पाया था, जिसमें गार्बेज शुल्क के 9.53 करोड़ भी शामिल थे। हालांकि निगमायुक्त किशोर कान्याल द्वारा संशोधित कर टारगेट को 120 करोड़ किया गया था और वसूली अमला रियायत मिलने पर भी निगम अमला 38.74 करोड़ रुपए से पिछड़ गया था। अहम बात यह है कि निगम ने अपने वसूली टारगेट को ज्यादा से ज्यादा पहुंचाने के चलते 1.07 की जगह 1.08 लाख संपत्तियों से आखिरी दिन सबसे ज्यादा 9.89 करोड़ की वसूली करने का कीर्तिमान रचा था। संपत्तिकर विभाग की मानें तो बीते वित्तीय वर्ष के अंत में विद्युत विभाग ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में निगम को विद्युत विभाग ने पुन: समायोजन के चलते लगभग 3.86 करोड़ ही जमा कराए हैं।

बजट प्रस्ताव में है 140 करोड़ का टारगेट

बीते वित्तीय वर्ष में निगमायुक्त द्वारा दिए 120 करोड़ का पीछा करते हुए 81.26 करोड़ जुटाए गए थे, लेकिन चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट प्रस्ताव में संपत्तिकर वसूली टारगेट 140 करोड़ दिखाया गया है। हालांकि बीते 11 माह में निगम अमले को 1.01 लाख आईडी से 70.34 करोड़ का संपत्तिकर मिला है, जिसमें 8.97 करोड़ रुपए गार्बेज शुल्क का है।

23 कोचिंग क्लासेस को थमाया नोटिस, गिव एंड टैक ने भरा 77 हजार का जुर्माना

बिना अनुमति लिए शहर की दीवारों व होर्डिंग पर विज्ञापन करने वाले 23 कोचिंग क्लासेस संचालकों को निगम की विज्ञापन शाखा ने नोटिस जारी किया है। साथ ही शहर की दीवारों को साफ कराने एवं होर्डिंग बैनर हटाने का निर्देश दिया है। वहीं बिना अनुमति विज्ञापन करने पर गिव एण्ड टैक संचालक ने 77 हजार रुपए जुर्माना राशि निगम में जमा की है। नगर निगम उपायुक्त सुनील चौहान के मार्गदर्शन में विज्ञापन शाखा के सहायक नोडल अधिकारी संदीप शर्मा ने कार्रवाई की है। जिसके चलते विज्ञापन शाखा ने तुलसीराम ग्रुप ऑफ आईटीआईडी, फ्रीडम एकेडमी, प्रयास कोचिंग, हरीश तिवारी क्लासेस, राजीव सर, द प्रोगेसिव कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट आदि को नोटिस दे दिए हैं।