निगम खरीदेगा 55 मीटर ऊंचा फायर फाइटर, बुलाएंगे टेंडर

निगम खरीदेगा 55 मीटर ऊंचा फायर फाइटर, बुलाएंगे टेंडर

इंदौर। शहर में विकास की रफ्तार के साथ हाईराइज बिल्डिंग भी लगातार आकार ले रही हैं। इन ऊंची-ऊंची इमारतों में आग लगने पर बचाव के लिए निगम फायर फाइटर क्रय करेगा। 55 मीटर ऊंचे इस संसाधन का डेमो मुंबई के नगर निगम में देखने पार्षदों का दल इसी सप्ताह रवाना होगा। डेमो के बाद फायर फाइटर खरीदने टेंडर बुलाए जाएंगे। चारों दिशाओं में विकसित होते इंदौर में कई बड़ी इमारतें भी खड़ी होने लगी हैं। स्मार्ट सिटी कार्यालय भी वल्लभ नगर मार्केट को 10 मंजिला बनाना चाहता है। सुपर कॉरिडोर पर 25 मंजिला आवासीय और कमर्शियल इमारत का निर्माण इंदौर विकास प्राधिकरण करने की तैयारी में है।

ऐसे में फायर फाइटर होना समय की जरूरत बन गया है। इसी ध्येय के चलते योजना पर काम शुरू किया है। विकास कार्यों पर प्रतिवर्ष निगम करोड़ों रुपए खर्च करता है। लेकिन आग लगने पर वह अक्षम साबित होता है। हॉस्पिटलों में फायर फाइटर नहीं होने पर निगम चालानी कार्रवाई के साथ नोटिस थमाने में जरा भी विलंब नहीं करता। खुद निगम दμतर में फायर फाइटर का अभाव बना हुआ है। जब-जब दुकानों, प्रतिष्ठानों में आग लगने की घटना हुई, तब-तब फायर ब्रिगेड के अमले पर निर्भर रहना मजबूरी बन गया। फायर ब्रिगेड के पास भी 25 मीटर से ऊंची हाईड्रोलिक मशीन नहीं है, जिससे कई बार आग लगने वाले स्थान पर लाखों का नुकसान हुआ है।

कार्यालयों में भी अभाव

लोगों की जानमाल की रक्षा करने का जिम्मा भी निगम के पास है। खुद निगम के कई अधिकारियों के कार्यालय व उसके बाहर अग्निशमन यंत्र नहीं हैं। आग लगने की घटना होने पर बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

पूर्व में था कार्यालय

नगर निगम में रिमूव्हल कार्यालय के सामने फायर ब्रिगेड का कार्यालय संचालित होता था। पानी के टैंकर भी खड़े रहते थे। अधिकारियों की अनदेखी के चलते कार्यालय में ताले लग गए। किसी भी अधिकारी, महापौर ने इस ओर ध्यान देना उचित नहीं समझा।

इनका कहना है...

शहर में ऊंचे फायर फाइटर संसाधन की जरूरत है। इसे पूरा करने अलग से बजट रखा जाएगा। मुंबई नगर पालिका जाकर वहां इसका डेमो देखेंगे। - जीतू यादव,प्रभारी, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग