हमास जैसे आतंकियों का समर्थन कर रही कांग्रेस

विधानसभा-1 में प्रबुद्धजन सम्मेलन...कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा...

हमास जैसे आतंकियों का समर्थन कर रही कांग्रेस

इंदौर। देश में प्रलोभन की जो राजनीति हो रही है, वह शॉर्टकट पॉलिटिक्स है और यह देश के लिए बेहद घातक है। यह बात विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक के भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय ने प्रबुद्ध जन सम्मेलन के दौरान कही। नरंिसह वाटिका में प्रबुद्धजन को संबोधित करने पहुंचे विजयवर्गीय ने कहा कि अभी विश्व में जो चल रहा है, उसे देखते हुए हमें बहुत गर्व है कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक पटल पर भारत की आन, बान और शान बढ़ रही है। देश के वैज्ञानिकों की पीठ पर हाथ रखते ही हमारा चंद्रयान चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच जाता है। ऐसा नहीं है कि पहले वैज्ञानिक नहीं थे या पहले सुविधाएं नहीं थी। वैज्ञानिक पहले भी थे और सुविधाएं भी थी, वही सब कुछ आज भी है, लेकिन सवाल यह है कि उन पर भरोसे का हाथ कौन रखता है। पिछले चंद्रयान में हमें असफलता मिली तो प्रधानमंत्री ने कहा कि असफलता ही सफलता की गारंटी है। कोरोना जैसी बीमारी आई और उससे लड़ने के लिए हमने विदेशों का मुंह नहीं ताका, किसी के आगे झोली नहीं फैलाई, बल्कि हमने खुद वैक्सीन बनाई। कुछ देर पहले ही मैं बुद्धिजीवियों के बीच बैठा था, वो कह रहे थे कि हमारे टैक्स का पैसा लाड़ली बहना योजना में कैसे दिया जा रहा है। मैंने कहा यह लोकहित निर्णय है।

यह शॉर्टकट पॉलिटिक्स देश के लिए नुकसानदायक

आज संपूर्ण विश्व ने देखा है कि हमास के आतंकी, इजराइल के लोगों को उठाकर ले गए, बच्चों के गले काट दिए, महिलाओं का रेप किया, प्रेग्नेंट महिला का पेट चीरकर बच्चा निकाल उसकी भी हत्या कर दी गई, यह सब अमानवीय है, राक्षसी कृत्य है। तो कांग्रेस किसके लिए उनका समर्थन कर रही है। इस मुद्दे पर हमें समाज के बीच चर्चा करना चाहिए। आप बुद्धिजीवी हैं, आप समाज के बीच में चर्चा कीजिए कि देश हित में कौन है। यह जो प्रलोभन की राजनीति हो रही है, यह शॉर्टकट पॉलिटिक्स देश के लिए नुकसानदायक है। यह बात मैं आप डेढ़ सौ लोगों के बीच नहीं, डेढ़ लाख लोगों के बीच में बोल रहा हूं। आपको समाज के बीच अपनी भूमिका तय करना चाहिए। कैलाश ने कहा कि इन मुद्दों से आंखें ना मूंदे, एक राष्ट्र भक्त नागरिक की तरह जरूर सोचे। पढ़े लिखे वर्ग की चुप्पी देश के लिए बहुत बड़ा खतरा है। मैं आपसे यह आग्रह नहीं करूंगा कि आप भाजपा का झंडा उठा लें। कांग्रेस ने आतंकवादियों का समर्थन क्यों किया, कोई कारण तो होगा।

बिजली का बिल माफ करना बड़ा लोकप्रिय निर्णय

बिजली का बिल माफ करना बड़ा लोकप्रिय निर्णय है, लेकिन यह लोकहित का निर्णय नहीं है। लोकहित और लोकप्रियता के बीच हमें तलवार की धार पर चलना होता है, तब जाकर कोई निर्णय निकलता है। अभी विश्व के अंदर युद्ध चल रहा है। रूस और यूक्रेन के बाद अब इजराइल और फिलिस्तीन के बीच भी युद्ध शुरू हो गया। हमास एक आतंकवादी संगठन है। जी-20 में जो एजेंडा बना है, उसमें आतंकवाद के खिलाफ सभी सदस्य देशों ने एक साथ मिलाकर हस्ताक्षर किए हैं। आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया में सबसे मुखर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही हैं। इजरायल में आतंकवादी हमला हुआ तो वो इजरायल के समर्थन में खड़े रहे। लेकिन आप देखेंगे तो पाएंगे कि देश में ओवैसी जैसे लोग फिलिस्तीन का समर्थन कर रहे हैं। उधर कांग्रेस ने भी उनका समर्थन किया है। वह यह वोट बैंक के लिए कर रही है।