कांग्रेस एक ही परिवार को जनार्दन मानती है वहीं भाजपा के लिए जनता ही जनार्दन : सिंह

कांग्रेस एक ही परिवार को जनार्दन मानती है वहीं भाजपा के लिए जनता ही जनार्दन : सिंह

ग्वालियर। कांग्रेस एक ही परिवार को जनार्दन मनाती है, तो भाजपा के लिए जनता ही जनार्दन है। हिमाचल, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारें हैं। आप वहां जाकर देखिए, कि वहां विकास तो दूर, इनमें सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन भी नहीं मिल रहा है। जबकि भाजपा शासित राज्यों में ऐसी कोई शिकायत नहीं है। देश में सरकार चलाने की कला सिर्फ भाजपा के पास है। यह बात केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ग्वालियर ग्रामीण में भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कही। सोमवार को कैंटोनमेंट एरिया में केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस- भाजपा आमने-सामने है और आप दोनों पार्टियों व उनके नेताओं को भी जानते हैं।

उन्होंने कहा कि 52-54 सालों तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रहने पर बीमारू बना दिया था। 2003 में भाजपा की सरकार बनी और पिछले 17-18 सालों में भाजपा की सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर विकासशील बना दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने जितनी योजनाएं प्रदेश में हर वर्ग के कल्याण के लिए लागू की हैं, उतनी योजनाएं देश के किसी प्रदेश में लागू नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी और डेढ़ साल कांग्रेस की सरकार रही, डेढ़ साल भी काम करने के लिए कम समय नहीं होता है। लेकिन इन डेढ़ सालों में कांग्रेस के घोषणा पत्र में किए एक-दो वादों को भी पूरा नहीं किया। बल्कि केंद्र ने प्रदेश के लिए 8 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए थे, लेकिन कमलनाथ सरकार ने रूकावट डालकर दो लाख आवास लौटा दिए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सरकार देश में करिश्माई तरीके से काम कर रही है।

देश में कांग्रेस की जितनी भी सरकारें रही हैं, सभी पर भ्रष्टाचार के आरोप रहे हैं और कई मंत्रियों को इसके लिए जेल भी जाना पड़ा है। लेकिन मोदी सरकार पर बीते सालों में ऐसा एक भी आरोप नहीं लगा। कांग्रेस की सरकार के प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी कहते थे कि हम यहां से एक रुपया भेजते हैं, तो संबंधित व्यक्ति तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं। वहीं 2014 में मोदी सरकार बनने के बाद सभी के जनधन खाते खुलवाकर दिल्ली से भेजा एक रुपया हितग्राही के खाते में सीधे पहुंचता है। इस अवसर पर सांसद विवेक शेजवलकर, पार्टी प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह, मदन कुशवाह, जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट डॉ. धनंजय गिरी, प्रदेश प्रवक्ता बृजगोपाल लोया, विकास साहू सहित उपस्थित थे।

सपा-बसपा चुनावी चिड़िया हैं उड़ जाएंगी

केंद्रीय रक्षामंत्री ने कहा कि सपा और बसपा तो चुनावी चिड़िया हैं, चुनाव के बाद वापस उत्तरप्रदेश चले जाएंगे। कांग्रेस के ईडी गठबंधन में शामिल दल आपस में ही लड़ रहे हैं और मोदी विरोधी दल मिलकर चुनाव लड़ने का फार्मूला नहीं खोज पाए। लेकिन मेरा दावा है कि भारत सिंह के पास कोई उन पर एक पैसे के लिए भी आरोप नहीं लगा सकता।

राहुल यान को लांच नहीं कर पा रही कांग्रेस

केन्द्रीय रक्षामंत्री ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा कि भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कर चुका है, मंगल यान की तैयारी कर रहा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी अपने राहुल यान को ही लांच नहीं कर पा रही है। राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, भाजपा के राहु-केतु कट जाते हैं, इसलिए उन्हें अधिक से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले जब भारत बोलता था, तो दुनिया उस पर ध्यान नहीं देती थी। लेकिन आज सारी दुनिया ध्यान से सुनती है।