स्ट्रांग रूम परिसर में चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर कांग्रेस प्रत्याशी

स्ट्रांग रूम परिसर में चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर कांग्रेस प्रत्याशी

जबलपुर। जिले के आठों विधानसभा क्षेत्र के 84 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद है जो कि जेएनकेवीवी परिसर में कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित है। यहां प्रत्याशियों या उनके कार्यकर्ताओं को स्ट्रांग रूम से सुरक्षित दूरी पर परिसर में टेंट लगाकर रुकने की सुविधा दी गई है। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि बेहद अलर्ट मोड पर हैं जो कि चौबीसों घंटे तैनात रहते हैं। दरअसल 3 दिन पहले यहां कुछ देर के लिए लाइट गुल हुई थी जिसके चलते सीसीटीवी कुछ देर के लिए बंद हुआ था। इससे हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई थी। कहीं कोई गड़बड़ी न हो जाए इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सांसें ऊपर-नीचे होने लगी थीं। जल्द ही लाइट आ गई थी और सीसीटीवी पुन: चालू हो गए थे। इस घटना के बाद सतर्कता और अधिक बढ़ गई थी।

नैक टू नैक मुकाबला

परिणाम पूर्व के अनुमान दोनों मुख्य दलों भाजपा व कांग्रेस में नैक टू नैक मुकाबला बता रहे हैं। सरकार किसकी बनेगी ये तो परिणाम आने पर ही पता चलेगा मगर इन पूर्वानुमानों से आशान्वित कांग्रेस प्रत्याशी किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते और वे अपना पूरा फोकस इस समय स्ट्रांग रूम पर रखे हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ भाजपा के प्रत्याशी या उनके कार्यकर्ता निश्चिंत नजर आ रहे हैं और वे सामान्य रूप से यहां चक्कर लगा रहे हैं।

मतदान में कहीं नहीं मिली गड़बड़ी की शिकायत

पूरे जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 2130 बूथों में मतदान शांतिपूर्वक हुआ था इनमें 500 बूथ संवेदनशील भी शामिल हैं। किसी भी तरह की शिकायत मतदान अवधि में पुलिस को गड़बड़ी की नहीं मिली जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली थी। मतदान पूर्ण होने के उपरांत देर रात तक ईवीएम सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम तक पहुंच चुकी थीं। इसके बाद यहां कड़ी सुरक्षा तैनात कर दी गई थी।

त्रिस्तरीय सुरक्षा

स्ट्रांग रूम की प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। मुख्य रूप से जिम्मेदारी सीआरपीएफ निभा रहा है। इसके उपरांत स्थानीय पुलिस और सीसीटीवी कैमरे हैं। स्ट्रांग रूम को अभेद किले के रूप में तैयार किया गया है। यहां पर किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं है। परिसर में स्ट्रांग रूम से सुरक्षित दूरी तक प्रत्याशियों या उनके कार्यकर्ताओं को अनुमति दी गई है जो दूर बैठकर सीसीटीवी कैमरे को देख सकते हैं।

बस अब 8 दिन और

चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे। इस दिन सुबह से मतगणना प्रारंभ होगी जो दोपहर से रुझान देने लगेगी। शाम तक परिणाम सामने आ जाएंगे। मतगणना के लिए प्रशासन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी प्रारंभ हो चुका है। परिणाम आने में अब बस 8 दिन की देर बाकी है।