कूनो में चीता आशा ने दिया 3 शावकों को जन्म

कूनो में चीता आशा ने दिया 3 शावकों को जन्म

श्योपुर। कूनो राष्ट्रीय अभयारण्य में नामीबिया से लाई गई मादा चीता आशा ने खुश खबरी दी है। आशा ने बीते सप्ताह तीन शावकों को जन्म दिया। उनके फोटो और वीडियो बुधवार को जारी किए गए। कूनो के अधिकारियों के मुताबिक आशा ने संभवत: 26 दिसंबर को इन शावकों को जन्म दिया है, क्योंकि सभी शावकों की आंखें खुल चुकी हैं। आंखे खुलने में लगभग एक सप्ताह का समय लगता है। उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर 2022 चीता प्रोजेक्ट में नामीबिया से 8 चीते लाए गए थे। इनमें मादा चीता आशा भी थी। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने इस चीता को आशा नाम दिया था।

पहले दिया था 4 शावकों को जन्म : इससे पहले 29 मार्च 2023 को मादा चीता ज्वाला ने 4 शावकों को जन्म दिया था। हालांकि उनमें से 3 की मौत हो गई थी, एक शावक अभी जीवित है। अब वह नौ माह का हो चुका है। कूनो नेशनल पार्क में अब चीतों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। कूनो के 2 वयस्क चीते पवन और वीरा अभी खुले जंगल में विचरण कर रहे हैं।

तीनों शावक स्वस्थ : डीएफओ थिरुकुराल आर ने चीतों के जन्म की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों शावक पूरी तरह से स्वस्थ हैं। डॉक्टरों की टीम उन पर नजर रखे हुए है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसका वीडियो भी शेयर किया है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा ‘जंगल में म्याऊं’, यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कूनो नेशनल पार्क ने 3 नए सदस्यों का स्वागत किया है।