चंद्रयान-3: रोवर ने पूरा किया अपना काम, स्लीप मोड में रखा

चंद्रयान-3: रोवर ने पूरा किया अपना काम, स्लीप मोड में रखा

बेंगलुरु। इसरो के चंद्रयान-3 का मिशन अब भी जारी है। प्रज्ञान रोवर और विक्रम लैंडर ने इसरो केंद्र को लगातार डाटा और तस्वीरें भेजी हैं। इस बीच इसरो ने बताया कि रोवर ने अपना काम पूरा कर लिया है और इसे अब सुरक्षित रूप से पार्क किया गया है और स्लीप मोड में सेट किया गया है। इसरो ने बताया कि एपीएक्सएस और एलआईबीएस पेलोड बंद हैं। इन पेलोड से डेटा लैंडर के जरिए पृथ्वी पर भेजा जाता है। बैटरी पूर तरह से चार्ज है। सौर पैनल 22 सितंबर, 2023 को अपेक्षित अगले सूर्योदय पर प्रकाश हासिल करने के लिए उन्मुख है। रिसीवर चालू रखा गया है।

रोवर प्रज्ञान ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर रिकॉर्ड की घटना

इससे पहले इसरो ने बताया कि चांद की सतह पर घूम रहे रोवर प्रज्ञान ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर एक अद्भुत घटना रिकॉर्ड की। इसे एक प्राकृतिक घटना माना जा रहा है और इसरो इस घटना के स्त्रोत के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रहा है। दरअसल, रोवर प्रज्ञान ने चांद पर एक खास भूकंपीय कंपन को रिकॉर्ड किया है।