पति सहित पांच पर केस दर्ज

पति सहित पांच पर केस दर्ज

इंदौर। विवाहिता से उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज में कार और 10 लाख रुपए नकद लाने की मांग की। जब उसने इस मांग को पूरा करने से इनकार किया तो उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मामले में पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

महिला थाना टीआई के अनुसार प्रीति पति अरविंद धाकड़ (28) निवासी मेघदूत नगर की शिकायत पर पति अरविंद पिता सरदारसिंह धाकड़, सास गुलाबबाई, ससुर सरदारसिंह, देवर शैलेंद्र और काका ससुर रमेश सभी निवासी गांव सलैय्या बरेली (जिला रायसेन) के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। प्रीति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 16 जून, 2014 को हुई थी। शादी में मां और भाई ने जेवर, गृहस्थी का सामान और नकद 5 लाख रुपए के साथ अल्टो कार दी थी। शादी के बाद कुछ दिन ससुराल में रही... फिर पति के साथ इंदौर में किराए के मकान में रहने लगी थी। पति से मुझे 4 साल की बेटी है। शादी के 15 दिन बाद से ही पति परेशान करने लगे। डेढ़ साल इंदौर में रहे, फिर पति ने नौकरी छोड़ दी। हम फिर ससुराल सलैय्या रहने चले गए।

वहां पति, सास, ससुर, देवर और काका ससुर ने कहा कि मायके से 10 लाख रुपए और पुरानी कार के बदले नई कार लाकर दो... नहीं तो यहां रहने नहीं देंगे। मेरे मना करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मैं गर्भवती हुई तो पति मुझे ससुराल छोड़कर दिल्ली काम करने चले गए। ससुराल में अन्य लोगों ने कम दहेज को लेकर काफी परेशान किया। कुछ समय बाद पति मुझे व बेटी को दिल्ली ले गए। वहां भी प्रताड़ित किया। पिछले साल दीपावली पर मायके आ गई, तब से यहीं रह रही हूं। मामले में महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पति सहित ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

द्वारकापुरी थाना पुलिस ने भी एक दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। पीड़ित महिला ने पति रूपेश यादव, ससुर हरिनाथ यादव, सास उर्मिला यादव और ननंद प्रियंका पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं, पति पर अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। सभी आरोपी महावीर नगर, छोटा बांगड़दा के बताए जा रहे हैं। द्वारकापुरी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की आगामी जांच एरोड्रम थाना पुलिस को सौंपी है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।