सिक्किम में हिमस्खलन; 7 की मौत, 80 बर्फ में दबे

सिक्किम में हिमस्खलन; 7 की मौत, 80 बर्फ में दबे

गंगटोक। सिक्किम में मंगलवार को हुए हिमस्खलन में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 80 से ज्यादा पर्यटकों के बर्फ के नीचे दबे होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर साढ़े 12 बजे गंगटोक और नाथुला दर्रे को कनेक्ट करने वाले 14वीं मील जवाहरलाल नेहरू रूट पर हुआ। हादसे के वक्त काफी संख्या में टूरिस्ट मौजूद थे। जिन लोगों को अभी तक बचाया गया है, उनमें गंभीर रूप से घायल 30 पर्यटक शामिल हैं। ज्ञात हो कि नाथुला चीन सीमा पर स्थित है और अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण एक प्रमुख पर्यटन स्थल है।

बचाव अभियान जारी

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मुताबिक, राहत अभियान तेजी से चल रहा है। सिक्किम पुलिस के साथ ही भारतीय सेना, तास, पर्यटन विभाग के अधिकारी और ड्राइवर रेस्क्यू आपरेशन में जुट गए हैं। सड़क से बर्फ हटाने के बाद फंसे 350 पर्यटकों और 80 वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जबरन पहुंचे पर्यटक

चेकपोस्ट के महानिरीक्षक सोनम तेनजिंग भूटिया के अनुसार, जहां पर हादसा हुआ, वहां जाने के लिए एक पास जारी होता है। यह पास 13वें मील के लिए जारी किए जाते हैं, लेकिन टूरिस्ट बिना परमिशन के 15वें मील की ओर जा रहे थे। यही वजह है कि ज्यादातर पर्यटक फंस गए।