अटल जी ने परमाणु बम परीक्षण से भारत को विश्व में महाशक्ति बनने का दिया संदेश : डॉ. मोहन यादव

अटल जी ने परमाणु बम परीक्षण से भारत को विश्व में महाशक्ति बनने का दिया संदेश : डॉ. मोहन यादव

ग्वालियर। भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एक विराट व्यक्तित्व के धनी थे, सत्ता पक्ष एवं विपक्ष ने उन्हें हमेशा पूरा सम्मान दिया। उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान परमाणु बम परीक्षण से भारत को विश्व में महाशक्ति बनने का संदेश दिया। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाराज बाड़े पर आयोजित गौरव दिवस व 200 करोड़ से बनने वाले अटल स्मारक के भूमिपूजन के दौरान कही। सोमवार को जिला प्रशासन व नगर निगम द्वारा गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अटल जी का व्यक्ति ऐसा अद्भुत व अद्वितीय रहा है, यह हम सब जानते हैं।

उनका भाव, भाषा व फक्कड़ स्वभाव के बाद सबको साथ लेकर चलने व जीवंत रहने को सभी ने महसूस किया है और यही कारण है कि 50 साल विपक्ष में रहकर कोई व्यक्ति अपने मूल सिद्धांतों से समझौता किए बिना रह सकता है, यह उन्होंने सीख दी है। जब वे प्रधानमंत्री बने तो एक वोट से सरकार गिरी, लेकिन उन्होंने सदन में कहा था कि बेइमानी से सरकार चलाने की, तो वो सोच भी नहीं सकता हूं और अटल जी ने इसी अंदाज से अपना पूरा जीवन जीया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के विराट व्यक्ति की सारी बातों को समझना कठिन है, लेकिन फिर भी ग्वालियर व अटल जी एक दूसरे के संपूरक है और बहादुरा के लड्डू का ग्वालियर के लिए उनका भाव है, उनके जीवन की कई स्मृतियां हैं। वे उज्जैन के बड़नगर में भी पढ़े हैं, जो महाराज सिंधिया की राजधानी का हिस्सा रहा है और यह हमारा सौभाग्य है कि अटल जी ग्वालियर की पावन धरती से थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौरव दिवस मनाए जाने की परंपरा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार द्वारा शुरू की गई थी। जिसके तहत आज ग्वालियर में गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, ग्रामीण अध्यक्ष कौशल शर्मा, विधायक मोहन सिंह राठौर, सभापति मनोज तोमर, महेंद्र सिंह यादव, हरीश मेवाफरोश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कलाकारों का हुआ सम्मान

मुख्यमंत्री ने ग्वालियर गौरव दिवस कार्यक्रम में विभूतियों का सम्मान किया। जिनमें सर गंगाराम हॉस्पिटल नई दिल्ली में सेवाएं दे रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मुकुन्द खेतान, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी व कोच शिवेन्द्र सिंह राठौर, शिक्षाविद् एवं साहित्यकार जगदीश तोमर, ग्वालियर संगीत घराने के शास्त्रीय गायक उमेश कंपू वाले व स्वर्ग सदन संस्था के विकास गोस्वामी शामिल हैं।

सांसद पहुंचे सीएम निकलने के बाद

बाड़े पर शाम 7.10 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने बोलना शुरू कर दिया था, लगभग 8 मिनट तक मंच पर बोलने व सम्मान देकर वे निकल गए। लेकिन सांसद विवेक शेजवलकर व कई भाजपा नेता उसके बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और सीएम को जाने के बाद पहुंचने पर पछताते हुए देखे गए।

कमल सिंह का बाग स्थित पैतृक निवास पर भाजपा-कांग्रेस नेताओं ने किए श्रद्धासुमन अर्पित

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर भाजपा एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुश्तैनी निवास शिंदे की छावनी स्थित कमल सिंह का बाग पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसी क्रम में सुबह 11 बजे जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि दी गई। इस अवसर पर सांसद विवेक शेजवलकर, पूर्व मंत्री माया सिंह, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, मुन्नालाल गोयल, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार, महापौर शोभा सिंह सिकरवार, सुनील शर्मा जय सिंह कुशवाह, विनय जैन, राजू पलैया, प्रमोद खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।

अफसरों पर नाराज हुए सिंधिया

कार्यक्रम के मंच पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के तेवर कुछ ज्यादा ही तीखे दिखे। साथ ही कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह सहित स्मार्ट सिटी के अधिकारी इसके बाद भागमभाग स्थिति में देखे गए और पहले लौटाने के बाद कलेक्टर के प्रयास के बाद स्मार्ट सिटी की किताब का विमोचन मंच पर अतिथियों द्वारा किया गया।