लेह में सेना का वाहन गहरी खाई में गिरा, 9 सैनिक शहीद, एक घायल

लेह में सेना का वाहन गहरी खाई में गिरा, 9 सैनिक शहीद, एक घायल

लेह। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में शनिवार को सेना का एक वाहन गहरी खाई में गिरने से 9 जवान शहीद हो गए। हादसे में एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसा शनिवार शाम लगभग 5:00 बजे हुआ। वाहन में 10 जवान सवार थे और लेह से न्योमा की ओर काफिले में जा रहे थे। लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि एक अशोक लेलैंड स्टैलियन (एएलएस) वाहन जो लेह से न्योमा की ओर एक काफिले के हिस्से के रूप में जा रहा था। रास्ते में चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और खाई में गिर गया। सूचना पर तुरंत ही बचाव दल पहुंचा और सभी शव तथा घायलों को बाहर निकाला। शहीद हुए सैनिकों में आठ जवान और एक जूनियर कमीशंड आॅफिसर शामिल हैं। हादसे के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

एक ने अस्पताल में तोड़ा दम:

एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में 8 जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और 2 जवान घायल हुए थे। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां इलाज के दौरान एक और जवान की मौत हो गई। दूसरे की हालत भी गंभीर है।

            लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। - राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री

          लद्दाख में हादसे के कारण हमारे कई जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जवानों के शोकाकुल परिवारजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। - राहुल गांधी, सांसद, कांग्रेस