मंडला के कालपी से एक और नक्सली को किया गिरफ्तार

मंडला के कालपी से एक और नक्सली को किया गिरफ्तार

जबलपुर। एटीएस ने नक्सली दंपती को गिरफ्तार करने के बाद उनके मैसेंजर को भी मंडला से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार हुआ यह नक्सली अन्य नक्सलियों के खाने पीने और मैसेज को इधर से उधर करता था। इससे और भी कई नक्सलियों के बारे में जानकारी मिल सकेगी। बताया जा रहा है कि एटीएस ने 21 अगस्त को 82 लाख रुपए के इनामी नक्सली नेता अशोक रेड्डी और उसकी पत्नी कुमारी पोटाई को गिरफ्तार किया था।

दोनों की गिरफ्तारी के बाद कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई थी। पूछताछ के दौरान नक्सली दंपति ने बताया था कि उनका एक साथी और भी है, जिसका नाम धनसिंह पुंगाती है। धन सिंह बीते 25 से 30 सालों से नक्सलियों से जुड़ा था और वह नक्सलियों के लिए खाने-पीने की सामग्री समेत पैसों की मदद करता था। इसके अलावा धन सिंह उनके मैसेज को एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेजने का भी काम करता था और फिर उनके निर्देश दिए गए कार्यों को अंजाम देता था।

एटीएस की गिरफ्त में आए नक्सली धन सिंह छत्तीसगढ़ के कांकेर का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक एटीएस ने 25 अगस्त को मध्यप्रदेश के कालपी गांव से नक्सली को उस दौरान गिरफ्तार किया था जब वह जबलपुर से मंडला जा रहा था। नक्सली धन सिंह की गिरफ्तारी अशोक रेड्डी और कुमारी पोटाई से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के बाद की गई है। धनसिंह ने पूछताछ के दौरान एटीएस को बताया कि नक्सली विजय के कहने पर नक्सली दंपति के लिए उसने जबलपुर में कार और अन्य व्यवस्थाएं कराई कराई थी। गौरतलब है कि 21 अगस्त को मध्यप्रदेश एटीएस ने अशोक रेड्डी और उसकी पत्नी को जबलपुर और मंडला के बीच गिरफ्तार किया था।

उल्लेखनीय है कि इनामी दंपती के अलावा एक अन्य नक्सली को गिरफ्तार करने के बाद नक्सलियों में दहशत का माहौल है। इसके अलावा उनके कई ठिकानों के बारे में भी जानकारी मिलने की सूचना है। जहां एटीएस जल्द ही कार्रवाई करेगी।