तेज रफ्तार कार ने सफाईकर्मी महिला को मारी टक्कर, घटनास्थल पर मौत

तेज रफ्तार कार ने सफाईकर्मी महिला को मारी टक्कर, घटनास्थल पर मौत

इंदौर। अहिल्याश्रम के समीप सुबह छह बजे सफाईकर्मी महिला अमरलता पति भगतसिंह गौहर निवासी कमाठीपुरा काम कर रही थीं, तभी तेज गति से आ रही कार (एमपी- 09 झेडएच-1453) ने डिवाइडर से टकराने के बाद सफाईकर्मी महिला को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर निगम के अधिकारी पहुंचे। निगमायुक्त हर्षिकासिंह ने शोक जताया, वहीं रामबाग पर सफाईकर्मियों ने प्रदर्शन कर मृत महिला के परिजन को नौकरी देने की मांग की।

सदर बाजार पुलिस के मुताबिक... कार चालक भंडारी मिल तरफ से आकर मरीमाता चौराहा की ओर जा रहा था। अहिल्याश्रम और पोलोग्राउंड के बीच महिला सफाई कार्य कर रही थीं, तभी कार डिवाइडर से टकरा गई। महिलाकर्मी समझ पाती... इसके पहले ही कार टकराकर पलटी और महिला को टक्कर मार दी। घटना की जानकारी लगती... तब तक महिला का अधिक खून बह जाने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक भाग निकला। मात्र 15 मिनट में पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई थी। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। महिला विनियमित कर्मचारी थीं। उसके पति निगम से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। परिवार में बेटा और बेटी है। बेटा बेरोजगार है, जबकि बेटी विधवा है। बेटी की दोनों बच्चियां मृतका अमरलता के साथ ही रहती थीं।

घटना का कारण यह भी

सूत्रों ने बताया कि दो दिन पहले मावठा गिरने से सुबह घना कोहरा था। वाहनों को हेड लाइट चालू करना पड़ रही थी। स्थिति यह थी कि 200 मीटर का भी नजर नहीं आ रहा था। संभवतया इसी कारण कार चालक को सामने कुछ नजर नहीं आ रहा था।

एक दिन में मिलेगा क्लैम

घटना के बाद निगमायुक्त ने मृतका के परिजन को ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि एक दिन में उसका सारा क्लैम पास किया जाएगा। नियमानुसार बेटे अथवा बेटी को अनुकंपा नियुक्ति दी जा सकती है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी घटना को लेकर दु:ख व्यक्त किया।

प्रत्याशी की ओर से आर्थिक सहायता

घटना पर शोक जताते हुए विधानसभा तीन के कांग्रेस प्रत्याशी पिंटू जोशी पहुंचे। वार्ड-57 के कांग्रेस पार्षद अनवर दस्तक ने मृत महिला के परिजन को आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की, वहीं इंदौर अनुसूचित जाति कामगार संघ के अध्यक्ष श्याम अजयपाल ने निगमायुक्त से मांग की कि मृतका के परिजन को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए।