सिवनी मेें 24 घंटे मेें 8 इंंच बारिश

सिवनी मेें 24 घंटे मेें 8 इंंच बारिश

जबलपुर। मानूसन की विदाई के समय मध्यप्रदेश में जमकर बारिश हो रही है। मप्र में पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश सिवनी में दर्ज की गई। यहां 8 इंच से अधिक बारिश हुई। भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, छिंदवाड़ा, रायसेन, बालाघाट समेत प्रदेश के 36 जिलों में शुक्रवार को जमकर बारिश हुई। प्रदेश के प्रमुख डैमों के गेट खोल दिए गए हैं। इससे नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बैतूल में आटो बहने से चार लोग लापता है। छिंदवाड़ा में भी दो लोगों के बहने की खबर है। भारी बारिश के कारण इंदौर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, सिवनी में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। भारी बारिश से परसवाड़ा के सलंगटोला में रोड धंस गई। इससे बालाघाट जिले का सिवनी से संपर्क टूट गया। नर्मदा का जलस्तर बढ़ने से जबलपुर में दोपहर 12 बजे बरगी, नर्मदापुरम में तवा डैम के 13-13 गेट खोल दिए हैं।

यहां रेड अलर्ट: मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर और देवास जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

बरगी के 13 गेट खोले गए: बरगी बांध का वर्तमान लेबल 422.85 मीटर है,जो कि 100.44 प्रतिशत है। एफआरएल से अधिक और निरंतर बढ़ने से गेट खोले गए हैं। विगत 48 घंटों में कैचमेंट एरिया में 79 मिमी बारिश दर्ज की गई है। डैम के 13 गेट खोल दिए गए हैं। वहीं, नर्मदापुरम में तवा डैम के भी 13 गेट खोल दिए गए हैं। सिवनी के संजय सरोवर डैम के पांच गेट खोले गए हैं। इससे डैम के समीप की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है।

बालाघाट जिले में 24 मकान ढहे : बालाघाट जिले की महकारी नदी में उफान आने से ग्रामीण क्षेत्रों में 24 से ज्यादा कच्चे मकान ढह गए है। यहां होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम रेस्क्यू अभियान में जुटी है।

पन्ना में बायपास बहा: पन्ना

पहाड़ी खेरा मार्ग पर लक्ष्मीपुर में बनाया गया बायपास तेज बारिश की वजह से बह गया। राहगीर घटना में बाल-बाल बचे। वहीं, इस घटना के बाद लक्ष्मीपुर, हरदुआ, रक्सेहा बड़खेरा से मुख्यालय का संपर्क टूट गया है।