देश में कोरोना के 628 नए मरीज मिले, नए वैरिएंट के 63 केस आए

देश में कोरोना के 628 नए मरीज मिले, नए वैरिएंट के 63 केस आए

नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामलों में पिछले कुछ दिनों से लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। देश में 24 घंटे में कोरोना के 628 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही एक्टिव केसों की संख्या 4 हजार 52 पहुंच गई है। इंदौर में भी एक महिला पॉजिटिव पाई गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, कोरोना का सबसे ज्यादा असर केरल में देखने को मिल रहा है। 24 घंटे में 376 मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हो गई। राज्य में पिछले 5 दिन में 8 मरीजों ने दम तोड़ा है। केंद्र सरकार से मिली जानकारी के अनुसार केरल के बाद कोरोना का सबसे ज्यादा असर कर्नाटक और महाराष्ट्र मे हैं। 55555

कोरोना की स्थिति 2020 से

  1.  टोटल केस: 4.50 करोड़ से अधिक
  2.  ठीक हुए: 4.44 करोड़ से अधिक
  3.  कुल मौतें: 5.33 लाख से अधिक
  4.  वैक्सीनेशन: 220.67 करोड़ से अधिक (सोर्स:mygov.in/covid.19/)

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री धनंजय मुंडे पॉजिटिव:

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री धनंजय मुंडे भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। नागपुर में विधानसभा सत्र के दौरान 20 दिसंबर को ही वे पॉजिटिव हो गए थे। 21 दिसंबर को वे अपने घर लौटे और आइसोलेट हो गए। उन्हें फिलहाल कोई लक्षण नहीं हैं।

नए वैरिएंट जेएन.1 के मामले भी बढ़े:

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार विभिन्न राज्यों में एक्टिव केस के साथ कोरोना के नए वैरिएंट जेएन.1 के मामले भी बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में जेएन.1 वैरिएंट के कुल 63 मामले सामने आए हैं। गोवा में सबसे ज्यादा 34 मामले, महाराष्ट्र से 9, कर्नाटक से 8, केरल से 6, तमिलनाडु से 4 और तेलंगाना से 2 मामले मिले हैं।

हमें चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमारे पास जेएन.1 का कोई डेटा नहीं है, जिससे पता चल सके कि यह वैरिएंट खतरनाक है या नहीं। - डॉ. सौम्या स्वामीनाथन, पूर्व महानिदेशक, आईसीएमआर